डोमिनगढ़ स्टेशन बना नारी शक्ति की मिसाल, सात महिला रेलकर्मियों को डीआरएम ने किया सम्मानित

स्टेशन संचालन से लेकर सुरक्षा और यात्री सेवाओं तक महिलाओं के हाथों में कमान, उत्कृष्ट कार्य के लिए 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार

लखनऊ, 18 नवंबर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डोमिनगढ़ स्टेशन ने महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल पेश की है। यहां स्टेशन अधीक्षक से लेकर आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा और परिचालन तक की सभी जिम्मेदारियां महिला रेलकर्मी कुशलतापूर्वक संभाल रही हैं। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, रेल फेंसिंग, कॉपिंग स्टोन और महात्मा बुद्ध की आकर्षक प्रतिमा का अवलोकन किया। उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण के लिए स्टेशन मास्टर अंकिता, आरक्षण पर्यवेक्षक हेमलता राय व मनीषा सिंह, विद्युत सिग्नल अनुरक्षक स्वाती जायसवाल, हेल्पर सिग्नल पारुल शर्मा तथा रेलवे सुरक्षा बल की कांस्टेबल अंजू यादव व नेहा यादव को 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर महेंद्र सिंह सहित अन्य रेलकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button