यात्रियों की जान बचाने वाले जीआरपी के पुलिसकर्मी सम्मानित, डीजी रेलवे ने दिए प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार

गोंडा समेत चार रेलवे स्टेशनों पर पुलिसकर्मियों ने दिखाई बहादुरी और सूझबूझ, किसी ने आत्महत्या का प्रयास विफल किया तो किसी ने बचाई महिला यात्री की जानलखनऊ। पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. ने ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस, तत्परता, सूझबूझ और मानवता का परिचय देते हुए यात्रियों की जान बचाने वाले जीआरपी के पुलिसकर्मियों को 17 नवंबर को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कर्तव्यनिष्ठ एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।सम्मानित पुलिसकर्मियों में जीआरपी चौकी गोविंदपुरी के उपनिरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार आदिवासी शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों ने 31 अक्टूबर को आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन में प्रसव पीड़ा से परेशान महिला यात्री को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर उसकी देखभाल सुनिश्चित की।इसी क्रम में 14 नवंबर को गोंडा रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या का प्रयास कर रहे नेपाल निवासी व्यक्ति को प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी सुरेंद्र प्रजापति ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित नीचे उतारकर उसकी जान बचाई।वहीं, 12 नवंबर को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर क्षिप्रा एक्सप्रेस में चढ़ते समय ट्रेन की चपेट में आई महिला यात्री को ट्रेन एस्कॉर्ट में तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार ने साहस दिखाते हुए तत्काल बाहर खींचकर उसकी जान बचाई।इसके अलावा 11 नवंबर को बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर मिर्गी का दौरा पड़ने से रेलवे ट्रैक पर गिरे यात्री को जीआरपी के मुख्य आरक्षी मुनेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी भरत कुमार, आरक्षी दयालु कुमार, महिला मुख्य आरक्षी चंचल शर्मा एवं महिला मुख्य आरक्षी रिंकी चौधरी ने तत्काल सहायता और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराकर सुरक्षित बचाया।पुलिस महानिदेशक रेलवे ने सभी पुलिसकर्मियों के मानवीय दृष्टिकोण, कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य पुलिस विभाग की संवेदनशील एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध छवि को मजबूत करते हैं।



