दीपावली और गौ पूजन

🍃🍂 ___________________________📖🖋️

दीपावली और गौ पूजन

———————–

©- पवन नयन जायसवाल✍🏻

सनातन हिंदू धर्म और भारतीय कृषि प्रधान संस्कृति में गौ को माता कहा गया है। समुद्र मंथन के समय प्राप्त चौदह रत्न में एक है गौमाता जिसमें तैंतीस कोटि (तैंतीस प्रकार के) देवताओं का निवास माना जाता है इसलिए सनातन हिंदू धर्म में गौ को पवित्र प्राणी मानकर उसको पूजा जाता है। गौमाता के महत्व के कारण ही सनातन हिंदू धर्म के सबसे बड़े पर्व, त्यौहार दीपावली पर गौ पूजन के तीन अवसर आते हैं। पहला दीपावली का प्रारंभ के पूर्व धन त्रयोदशी या धनतेरस से पहले दिन, कार्तिक मास कृष्ण पक्ष (महाराष्ट्र और गुजरात अनुसार आश्विन मास) की द्वादशी तिथि या बारस को गौ वत्स पूजन से किया जाता है जो हमारे लिए गौ संवर्धन और संरक्षण के साथ गौवंश को बढ़ाने का संदेश है। दूसरा दीपावली के दूसरे दिन, प्रतिपदा पर गोवर्धन पूजा के साथ और तीसरा आठ दिन बाद गोपाअष्टमी को, सनातन हिंदू धर्म शास्त्रोंनुसार गौ पूजन मंगलकारी होता है।गौमाता को सनातन हिन्दू धर्म में कितना महत्वपूर्ण स्थान है यह इस बात से भी जाना जा सकता है कि प्रत्येक हिंदू का जन्म से अपना गोत्र होता है और इन गोत्र की उत्पत्ति भी सप्त ऋषियों के गौ पालन स्थान (बाड़ा) से हुई है। इसी तरह हमारी संस्कृति में किले, नगर या मंदिर के बड़े और ऊँचे मुख्य प्रवेशद्वार को गोपुर (गोपुरम) का नाम दिया गया हैं। हमने हमारे भारत देश की और हिंदुओं के लिए सबसे पवित्र नदी गंगा को मां कहां है और पर्वतराज हिमालय से निकलने वाले उसके पावन जल के उद्गम स्थल को गौमुख कहा है। हमने हमारे मंदिरों में भी जल क्षुधा शांति के स्थान पर गौ माता के मुख लगाए हैं। आज भी पुरातन मंदिरों में ऐसे गौमुख देखें जा सकते हैं।सनातन हिंदू धर्म के पूजन-हवन या कर्मकांड और मृतक के अंतिम संस्कार, गोमल (गोबर), गोमूत्र, गौ के दूध से बना घी और गोबर से बने उपले के बिना अधूरे माने जाते हैं।सुर्योदय और सूर्यास्त के समय की वेला को भी हमारे मनीषियों ने गोरज और गोधूलि वेला कहकर विशेष महत्व दिया गया है। आज भी सनातन हिंदू धर्मावलंबियों के विवाह निमंत्रण पत्रों में संध्या समय आयोजित कार्य के समय की जगह गोधूलि बेला में ऐसा विशेष उल्लेख किया जाता है और यह समय बहुत ही उत्तम, शुभ और पावन माना जाता है।सबसे विशेष यह है कि श्रीहरि विष्णु के दशावतार में से एक श्रीकृष्ण की लीलाओं में भगवान श्रीकृष्ण का गौ पालक के साथ गौ चराने और गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाने का वर्णन है। भगवान श्री कृष्ण का नाम गोविंद, गौ पाल से बना नाम गोपाल, गौ वर्धन कर्ता होने के कारण गोवर्धन और गौ रक्षक होने के कारण गोरख (गोरक्ष) भी है और नगरी का नाम गोकुल। भगवान श्री दत्तात्रेय का कोई भी चित्र और प्रतिमा गौमाता के बिना नहीं होती। भगवान श्री कृष्ण के बाल्यकाल और हमारे अन्य देवी-देवताओं के साथ भी चित्रों और प्रतिमाओं में भी गौमाता को दर्शाया गया है।गौ से हम भारतीयों के जीवन का अटूट नाता है इसलिए गौ से बने शब्द गौमाता की महत्ता को दर्शाने हमारे समक्ष बार-बार आते है जैसे गोरक्षनाथ (गोरखनाथ), गोरक्षपीठ का गोरक्षपुर (गोरखपुर), गोमती और गोदावरी नदी, गोवर्धन पर्वत। हमारे घर में बनी गोल खिड़की को हमने गवाक्ष (गौ+अक्ष) कहा है। गौ संवर्धन के लिए हमारे देश के सभी गांवों में गौमाता के चारे के लिए जमीन सुरक्षित रखी गई है और उस वन को गौचर, गौरान (गायरान) कहा जाता है। सनातनी हिन्दू सुबह उठने के बाद सबसे पहले गौ को चारा डालता है। मंदिर में दर्शानार्थी मंदिर की गौशाला में गोग्रास के लिए हरी घास लाते हैं। हम सभी हिन्दू परिवारों के घर में भोजन बनाते समय हमारी मातृशक्ति पहली रोटी गौग्रास यानी गाय को ग्रास देने के लिए ही बनाती है। सनातनी हिन्दू के जीवन में गौ यह प्राणी नहीं प्राण है। जानवर नहीं जान है इसलिए गौरक्षा हमारे लिए हमारी प्राण रक्षा के समान है।आज भी दक्षिण भारत में नवनिर्मित मकान में गृहप्रवेश के समय गौपूजन कर संपूर्ण निवास में गौमाता को घुमाया जाता है जिससे गौमाता के चरण रज से घर पवित्र हो जाएं। गौमाता से गृह निवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।हमारे आंखों में ठंडक प्रदान करने लगाया जानेवाला काजल भी गौमाता के घी के प्रकाशित दीप से ही उतारकर और गाय के घी में मिलाकर बनाया जाता है। गौ की पवित्रता के कारण हमारे देश में राह चलते बहुत से लोगों को गौमाता को देख उसको छू कर हाथ मस्तक पर लगाते हुए देखा जा सकता है। हिंदू मंदिरों और हमारे घर के मंदिर में भी देवताओं की प्रतिमाओं के साथ गौमाता की प्रतिमा भी होती है। हमारे पवित्र धर्म ग्रंथों में सुयोग्य गौसेवक ब्राह्मण को या गौशाला में गोदान करना पुण्य कार्य माना गया है और यह भी बताया गया है कि कि गौमाता ही आपको मृत्यु के बाद भवसागर पार करवाती है।गौमाता के हमारे जीवन में ऐसे ही महत्वपूर्ण योगदान के कारण गौवत्स द्वादशी यह पूर्ण रूप से गौमाता को समर्पित सनातन हिन्दू धर्म का त्यौहार है। सनातन हिंदू धर्मावलंबी बहुत बड़ी संख्या में शाकाहारी और अन्नहारी होते हैं इसलिए उनका जीवन बागवानी और कृषि उपज पर निर्भर करता हैं। गौमाता से हमें गोरस (दूध) के साथ कृषि की उपज क्षमता बढ़ाने के लिए गोबर और कृषि फसल पर लगने वाले कीड़ों और रोगों को नष्ट करने हेतु छिड़काव करने के लिए गौ मूत्र और कृषि कार्यों में मदद करने के लिए हमारे सहयोगी बैलों की प्राप्ति होती है।गोवत्स द्वादशी जो कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि पर यानी धनतेरस से एक दिन पहले मनाया जाता है। इसे वसु बारस भी कहा जाता है। यह एक अनोखा उत्सव है क्योंकि इस दिन हम मानवों का अपने दुग्ध से पोषण करने वाली गौ माता और उनके बछड़ों की पूजा की जाती है।गाय को सनातन हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति में बहुत ही पवित्र प्राणी माना जाता है। इस दिन महिलाएं अपने बच्चों की खुशी और लंबे जीवन के लिए व्रत रखती हैं। इस व्रत को नंदिनी व्रत के रूप में भी जाना जाता है। कहते हैं जो भी संतान विहीन जोड़े इस दिन उपवास रख गाय की श्रद्धा से पूजा करते हैं, उन्हें जल्दी ही संतान सुख प्राप्त होता है। गोवत्स द्वादशी गायों की पूजा के लिए सबसे विशेष पर्व माना जाता है।इस दिन प्रसूता, दूध देने वाली गाय को उसके बछड़े सहित स्नान कराकर, पुष्प माला पहनाकर चन्दन का तिलक लगाना चाहिए। तांबे के कलश में सुगन्ध, अक्षत, पुष्प, तिल से मिश्रित जल से गौ चरणों का प्रक्षालन कर गाय और उसके बछड़े को नव वस्त्र ओढ़ाकर, धूप, दीप से आरती कर मनोकामना के साथ यह कहते हुए नमस्कार करना चाहिए:-” क्षीरोदार्णवसम्भूते सुरासुरनमस्कृते।सर्वदेवमये मातर्गृहाणार्घ्य नमो नमः॥ “अर्थात- देव-दानवों के समुद्र मंथन के समय क्षीरसागर से उत्पन्न और देवता और दानवों दोनों के द्वारा नमस्कृत सर्वदेवस्वरूपिनी माता तुमको मेरा बार-बार नमस्कार है।इस गौपूजन को गोधूलि बेला यानी शाम के समय सूर्यास्त होने से पहले ही कर लेना चाहिए। इसके साथ ही दीपावली के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को भी गो और गोवर्धन पूजा से नव वर्ष का मंगल प्रारंभ किया जाता है और दीपावली के आठवें दिन गोपाष्टमी को भी गौ पूजन करना मंगलकारी माना जाता है।गौवत्स द्वादशी के पर्व से प्रारंभ दीपोत्सव के अवसर पर हमने गौपूजन के साथ ही गौ-पालन, गौ संवर्धन, गौ संरक्षण, गौसेवा, गौ वंश की सुरक्षा और गौहत्या रोकने के कार्य में अपना योगदान देना चाहिए और हिंदुस्थान की सरकार से हमारे देश के सीमावर्ती क्षेत्रों से पड़ोसी देशों को हो रही गोवंश की तस्करी, देश में गोवध, गौ हत्या पर संपूर्ण प्रतिबंध, गौ हत्यारों को दंड के साथ गौ को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की जानी चाहिए तभी हमारी दीपावली सार्थक होंगी।

©- पवन नयन जायसवाल✍🏻

📱सुसंवाद, संदेश- 94217 88630

🏚️अमरावती, विदर्भ, महाराष्ट्र

🪷🙏🏻🪷

___________________________🍃🍂

Related Articles

Back to top button