मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जयप्रभा ग्राम में तेज हुईं तैयारियां, मंडलायुक्त ने परखी व्यवस्थाएं

डीआईजी, डीएम और एसपी के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर यातायात व जनसुविधाओं तक दिए आवश्यक निर्देश

गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जयप्रभा ग्राम में प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने साफ-सफाई, सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को असुविधा न हो।डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता और मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और कार्यक्रम समाप्ति तक निर्धारित स्थलों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button