अपर महाप्रबंधक ने लखनऊ जंक्शन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की परखी व्यवस्था

मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री, मंडलीय चिकित्सालय और मनोरंजन केंद्र का भी लिया जायजा, रेल मदद की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ, 19 नवंबर। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने गुरुवार को लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, खानपान व्यवस्था, प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफार्म संख्या 5 व 6 तथा एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित आधुनिक रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया।इसके बाद उन्होंने मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री में धुलाई एवं ड्रायर मशीनों की कार्यप्रणाली परखी और स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण लिनेन उपलब्ध कराने के साथ मशीनों के नियमित रखरखाव व सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए।अपर महाप्रबंधक ने डीआरएम गौरव अग्रवाल के साथ बादशाहनगर स्थित मंडलीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर आपातकालीन सेवाओं, नेत्र रोग विभाग, एक्स-रे, सर्जिकल एवं फिजियोथेरेपी सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। ऐशबाग स्थित मनोरंजन केंद्र में चल रहे नवीनीकरण कार्यों का भी जायजा लिया।बाद में गंगोत्री सभागार में न्यायालयीन मामलों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेल मदद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और यात्री संतुष्टि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





