बच्चे कच्चे मिट्टी के घड़े के समान, उन्हें तराशना शिक्षक का धर्म : भवानी भीख शुक्ल*

शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों को किया गया सम्मानित, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने का दिया भरोसा*
बदलता स्वरूप संवाददाता सन्तोष कोहली
बालपुर / गोण्डा। क्षेत्र के राम प्यारे शुक्ल इंटर कॉलेज विरवा में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान, शिक्षा की गुणवत्ता और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भवानी भीख शुक्ल ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देने का काम नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। बच्चे कच्ची मिट्टी के घड़े के समान होते हैं। उन्हें अच्छे संस्कार, शिक्षा और अनुशासन से तराशकर योग्य नागरिक बनाना शिक्षक का धर्म है। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान और नई पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षकों को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। एक शिक्षक की मेहनत से ही शिक्षित, संस्कारी और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।वहीं, प्रदेश सचिव रवि रांझा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने पर वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाने की बात कही।समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने उपस्थित शिक्षकों को सम्मानित कर उनके शैक्षिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी राम अचल दुबे ने की, जबकि संचालन विनय कुमार मिश्र ने किया।इस मौके पर श्री भगवान शुक्ल, केशरी प्रसाद शुक्ल, कृष्ण भगवान शुक्ल, हरीश कुमार पाठक, सुशील तिवारी, कृष्ण कुमार मिश्र, शिखर मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।




