सड़क किनारे खड़े 52 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, CHC में तोड़ा दम

चार पुत्र और दो पुत्रियों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम

श्रावस्ती। जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के भटपुरवा कला गांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 52 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, भटपुरवा कला गांव निवासी मांगरे चौहान (52) पुत्र बाबूराम सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बलरामपुर की तरफ से परशुरामपुर की ओर तेज रफ्तार से जा रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मांगरे चौहान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मृतक अपने पीछे चार पुत्र सुनील, अनिल, प्रियांशु और जितेंद्र तथा दो पुत्रियां रेशमा और अंजनी को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि उनके तीन भाई भी हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चार बेटों और दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बाइक चालक की पहचान और पुलिस की अग्रिम कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Related Articles

Back to top button