बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना संस्था का उद्देश्य डॉ पंकज श्रीवास्तव

चयनित विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान करेगी संस्था
बहराइच। आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से जैनस इनिशिएटिव्स संस्था की ओर से जैनस स्कॉलरशिप कार्यक्रम-2026 के तहत लिखित परीक्षा का आयोजन किसान डिग्री कॉलेज, बहराइच में किया गया। लिखित परीक्षा के उपरांत चयन प्रक्रिया के तहत छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार भी आयोजित किया गया।
पूरी चयन प्रक्रिया जैनस इनिशिएटिव्स संस्था के संस्थापक एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को लगातार तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वर्तमान में संस्था की ओर से नौ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि पूर्व में लगभग 10 विद्यार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। संस्था के संस्थापक डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी पढ़ाई में उत्कृष्ट होने के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करते हैं। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी मेधावी विद्यार्थी की शिक्षा और उसके उज्ज्वल भविष्य के आड़े न आए। हिंदुस्तान अखबार के प्रदीप तिवारी ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना ही जैनस इनिशिएटिव्य का मुख्य उद्देश्य है।जो सराहनीय कार्य है
महिला डिग्री कॉलेज की समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. मनीषा खन्ना ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को थोड़ी सी आर्थिक सहायता देकर उनकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को संवारने में सहयोग करना अत्यंत सराहनीय कार्य है।
किसान डिग्री कॉलेज के प्राचार्य विनय सक्सेना ने डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बच्चों को सहयोग देकर बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना संस्था का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इस तरह की पहल से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्थशास्त्र विभाग के विवेक जायसवाल संस्था के कोऑर्डिनेटर आशीष श्रीवास्तव एवं शालिनी श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




