तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

श्रावस्ती ब्यूरो के राजकुमार की रिपोर्ट
श्रावस्ती। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के गोदापुर मोड़ पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इकौना से बलरामपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जाफर अली की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनजोत निवासी जाफर अली मंगलवार सुबह अपनी बाइक से गोदापुर गांव जा रहे थे। गोदापुर मोड़ के पास वह बाइक रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान इकौना की तरफ से बलरामपुर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जाफर अली गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नवीन मॉडर्न थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।




