तीन दिवसीय अंतरविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन

ताइक्वांडो में सेंट जेवियर्स पंतनगर, वॉलीबॉल में सुवंश मिलेनियम और खो-खो में नारायणा पब्लिक स्कूल ने जीती प्रथम ट्रॉफी

बदलता स्वरूप गोंडा। स्थानीय सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय अंतरविद्यालयीय ताइक्वांडो, वॉलीबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता विद्यालयों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान की ट्रॉफी, पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान ताइक्वांडो में सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंतनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा। वहीं, वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सुवंश मिलेनियम ने नारायणा पब्लिक स्कूल को 15-11 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। खो-खो प्रतियोगिता में नारायणा पब्लिक स्कूल ने सेंट जेवियर्स को 19-2 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।ताइक्वांडो प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेंट जेवियर्स के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इनमें अंकुर आर्य, दिव्यांश गुप्ता, आशीष आर्य, अनन्या सिंह एवं अंशिका मौर्य ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। आदित्य पांडे, अमन कुमार, भव्या एवं धृति ने रजत पदक हासिल किए, जबकि शौर्य गुप्ता ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मौजापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक मुकेश झुनझुनवाला, जनपद की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनीता मिश्रा, सेंट जेवियर्स की प्रबंधक सुजैन दत्ता तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या पायल दुबे ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी सहयोग बढ़ाने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिला।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या पायल दुबे ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, निर्णायक मंडल के सदस्यों, खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button