पूर्वोत्तर रेलवे में साइबर सुरक्षा को मजबूती, सब-सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर का उद्घाटन

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रेलकर्मियों से साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 14 अक्टूबर को महाप्रबंधक उदय बोरवणकर की उपस्थिति में उप मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अभिषेक भूषण ठाकुर ने गोरखपुर स्थित प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय में सब-सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया।इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार वंदना शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।भारतीय रेल में डिजिटल सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी प्रणालियों और महत्वपूर्ण सूचना संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साइबर सुरक्षा तंत्र का विस्तार किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड में स्थापित केंद्रीय सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर के अतिरिक्त भारतीय रेल में 26 सब-सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से साइबर खतरों की निगरानी, संभावित हमलों की समय रहते पहचान और साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रेलकर्मियों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा डिजिटल संसाधनों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। संदिग्ध ई-मेल, लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहना भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की सजगता और जिम्मेदारी भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।अक्टूबर माह में मनाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है। सब-सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना से पूर्वोत्तर रेलवे में साइबर सुरक्षा निगरानी एवं समन्वय को मजबूती मिलने के साथ सुरक्षित डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button