डीआरएम आशीष जैन ने माल ढुलाई बढ़ाने और रेलवे की सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

बदलता स्वरूप वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में उद्योगपतियों और व्यापारियों को बेहतर माल परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के भारतेंदु सभागार में माल-भाड़ा ग्राहक बैठक आयोजित की गई।बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल में वर्तमान में 21 माल गोदाम स्टेशन और 10 पार्सल हैंडलिंग केंद्र हैं। वर्ष 2026-27 में माल ढुलाई बढ़ाने के लिए पिपराइच, महराजगंज, टेकनीवास, अहिल्यापुर, सिधवलिया और झूंसी में नई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इंदारा, सीवान और कुसुम्ही स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है।डीआरएम आशीष जैन ने बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के माध्यम से नए व्यावसायिक अवसर तलाशने, स्थानीय उद्योगों से संपर्क बढ़ाने और माल परिवहन को सुविधाजनक एवं किफायती बनाने पर जोर दिया।बैठक में व्यापारियों ने रेल भाड़े में रियायत, बिजली कटौती, सुरक्षा, माल ढुलाई में देरी और श्रमिकों की कमी जैसी समस्याएं उठाईं। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




