दीपावली और छठ पर डीआरएम आशीष जैन ने रेल यात्रियों को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित यात्रा की अपील

विशेष ट्रेनों में आरक्षण कराकर करें यात्रा, ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर चलने से बचें
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर रेल यात्रियों, रेल कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रियों से सुरक्षित रेल यात्रा के लिए रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल हम सभी की संपत्ति है। यात्रा के दौरान ट्रेनों में ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर न चलें। ट्रेन की छत पर बैठकर या दरवाजे पर लटककर यात्रा न करें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए पैदल ऊपरी पुल, लिफ्ट अथवा एस्केलेटर का उपयोग करें। रेल लाइन के किनारे भीड़ एकत्र करने से बचें तथा स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें।उन्होंने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन प्रमुख नगरों से आने-जाने के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। यात्रियों से अपील की कि विशेष ट्रेनों में पहले से बर्थ आरक्षित कराकर अपनी यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाएं। साथ ही रेलवे प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




