छठ महापर्व पर पूर्वोत्तर रेलवे के चार प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम, 1610 यात्रियों की क्षमता वाले अस्थायी आश्रय स्थल तैयार

वाराणसी मंडल ने बलिया, छपरा, सीवान और देवरिया सदर स्टेशन पर बढ़ाईं यात्री सुविधाएं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम
वाराणसी। छठ महापर्व पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने बलिया, छपरा, सीवान और देवरिया सदर रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में चारों स्टेशनों पर कुल आठ अस्थायी यात्री आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें एक साथ लगभग 1610 यात्री बैठकर ट्रेनों की प्रतीक्षा कर सकते हैं।इनमें बलिया स्टेशन पर तीन आश्रय स्थल में 260, छपरा जंक्शन पर दो में 600, सीवान जंक्शन पर दो में 450 तथा देवरिया सदर स्टेशन पर एक आश्रय स्थल में 300 यात्रियों की क्षमता निर्धारित की गई है। यहां बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग और ट्रेनों की जानकारी के लिए उद्घोषणा प्रणाली एवं वीडियो पैनल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।इसके अलावा चारों स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, क्यूआर कोड से भुगतान, सहायता बूथ, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्थित व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी के साथ आरपीएफ, राज्य पुलिस और महिला सुरक्षा टीम तैनात की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए मिनी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य छठ पर्व पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। स्टेशनों पर छठ गीतों के प्रसारण से पर्व का भक्तिमय वातावरण भी बना हुआ है।






