रेल सुरक्षा पर डीआरएम आशीष जैन का सख्त फोकस, रतनपुरा–रसड़ा रेलखंड का किया निरीक्षण

बदलता स्वरूप
वाराणसी। सुरक्षित रेल परिचालन और रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय विकास कुमार सिंह के साथ इंदारा–फेफना रेलखंड के रतनपुरा–रसड़ा खंड का पुश ट्रॉली से गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ के रखरखाव से लेकर समपारों पर सुरक्षा इंतजामों तक की बारीकी से जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलपथ की स्थिति, ट्रैक फिटिंग, ड्रेसिंग, बैलास्ट बॉक्सिंग, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, इंजीनियरिंग संरचनाओं और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। रेलपथ के आसपास झाड़ियों और अन्य अवरोधों की स्थिति की भी जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलपथ का नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पुश ट्रॉली निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने किलोमीटर 30/32-30 पर स्थित समपार संख्या 20 स्पेशल तथा ओएचई किलोमीटर 29/21-23 पर स्थित समपार संख्या 19 स्पेशल का निरीक्षण किया। यहां तैनात गेटमैन सुशांत कुमार और अतुल कुमार से ट्रेन परिचालन से जुड़े सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी ली गई। डीआरएम ने समपारों पर उपलब्ध सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों, सिग्नल, पटाखों, हैंड सिग्नल, लाल-हरी झंडियों और लाइट के उपयोग से संबंधित नियमों की जांच की। उन्होंने गेटमैन और संबंधित पर्यवेक्षकों को निर्धारित सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल इंजीनियर सामान्य लोकेश कुमार सगरवंशी, सहायक मंडल इंजीनियर मऊ सुनील पाण्डेय सहित संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
सुरक्षित रेल परिचालन के लिए नियमित निरीक्षण, रखरखाव और कर्मचारियों की सतर्कता पर विशेष जोर दिया गया।




