रोमांचक फाइनल में लखनऊ मंडल ने वाराणसी को हराकर जीती आरपीएफ क्रिकेट ट्रॉफी

लखनऊ मंडल 3 विकेट से विजेता, केदार यादव बने मैन ऑफ द सीरीज

वाराणसी, 18 अक्टूबर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में आयोजित रेलवे सुरक्षा बल अंतरमंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 के फाइनल में लखनऊ मंडल ने वाराणसी मंडल को 3 विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

वाराणसी मंडल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 144 रन बनाए। विवेक राय ने 45 और रामप्रवेश यादव ने 24 रन बनाए। जवाब में लखनऊ मंडल ने 19.3 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। निखिल पासवान ने 43 और राजेश यादव ने 24 रन का योगदान दिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। रामनरेश यादव को मैन ऑफ द मैच, बरेका के अमित तिवारी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा केदार यादव को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

डीआरएम आशीष जैन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने आयोजन में योगदान देने वाली आरपीएफ टीम के लिए 20 हजार रुपये और ग्राउंड कर्मचारियों के लिए 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की।

समापन समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल सहित रेलवे अधिकारी, खिलाड़ी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान मार्च पास्ट, श्वान दल का ट्रैकिंग प्रदर्शन और योगाभ्यास भी आयोजित किया गया।

उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते मण्डल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन

Related Articles

Back to top button