डीआरएम आशीष जैन ने बनारस स्टेशन पर यात्रियों से किया संवाद, रेलखंड का लिया संरक्षा जायजा

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान-6.0 के तहत मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन और ट्रेन में यात्रियों से रेल जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेकर यात्रियों के सुझाव सुने। इसके साथ ही बनारस स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद बनारस–राजातालाब रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण भी किया।डीआरएम आशीष जैन ने बनारस स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में यात्रियों से बातचीत कर साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों से प्राप्त सुझावों को सुविधाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छता बनाए रखने में रेल प्रशासन के साथ यात्रियों की सहभागिता पर जोर दिया।इसके बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी गाड़ी संख्या 12168 बनारस–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में यात्रियों से संवाद किया। ट्रेन की साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने पैंट्रीकार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी तथा संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।स्टेशन की सफाई में लापरवाही पर सख्त निर्देशविशेष स्वच्छता अभियान के तहत डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय और यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को नियमित साफ-सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।इसके पश्चात डीआरएम ने ट्रॉली से बनारस–राजातालाब रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने रेलखंड की स्थिति का जायजा लेने के साथ राजातालाब स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन के पैनल रूम और रिले रूम में संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा स्टेशन अधीक्षक से रेलगाड़ियों के परिचालन के बारे में चर्चा की।डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को रेल परिचालन में संरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने, रेलखंड की नियमित निगरानी और अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय एवं अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सौरभ राठौर, स्टेशन निदेशक रामजी यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button