वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ, अब रातभर में काशी से दिल्ली का सफर होगा पूरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, बनारस से 10 मेमू ट्रेनों का भी संचालन शुरू
वाराणसी, 31 अक्टूबर। पूर्वांचल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सहित तीन नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वाराणसी सिटी-राजातालाब और प्रयागराज रामबाग-बनारस रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। इसके साथ ही बनारस से 10 मेमू ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हो गया।समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल आधुनिकता और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि पहले काशी से दिल्ली पहुंचने में 13 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यह दूरी अब महज 8 से 9 घंटे में पूरी होगी। यात्री रात में काशी से रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और दिल्ली से रात में चलकर सुबह काशी आ सकेंगे। यह ट्रेन देश की आध्यात्मिक राजधानी को राष्ट्रीय राजधानी से और अधिक मजबूती से जोड़ेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय रेल आम आदमी के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रदेश में रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण और ब्रॉडगेज विस्तार तेजी से हुआ है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के 157 स्टेशनों को नई सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे के विकास से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी गति मिल रही है।10 मेमू ट्रेनों से यात्रियों को बड़ी राहतरेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बनारस से 10 मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू होना स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच आठ मेमू ट्रेनें संचालित होंगी। इनके मार्ग में वाराणसी, बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशन पड़ेंगे। इस मार्ग पर मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) का किराया मात्र 95 रुपये निर्धारित किया गया है।वहीं, बनारस से प्रयागराज के बीच दो मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। ये ट्रेनें राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूंसी स्टेशन पर रुकेंगी। इस मार्ग पर मासिक सीजन टिकट का किराया 220 रुपये रखा गया है। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।यात्रियों के साथ रेल कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यानरेल मंत्री ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों के साथ-साथ इसमें कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में ऊपरी और मध्य बर्थ तक पहुंचने के लिए आधुनिक सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों, बच्चों, रेल कर्मचारियों और लोको पायलटों से संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों को यात्रियों के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करने तथा ट्रेन में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने का संदेश दिया।रेल मंत्री ने बताया कि दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से यह दूरी लगभग साढ़े तीन घंटे में पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में 20,012 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जो वर्ष 2009 से 2014 के दौरान आवंटित राशि से 18 गुना अधिक है।बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से जुड़ेगा काशीरेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और पटना होते हुए गुवाहाटी तक जाएगा। परियोजना पूरी होने पर यात्रियों का समय बचेगा और देश के प्रमुख शहरों के बीच तेज कनेक्टिविटी विकसित होगी।प्रयागराज रामबाग स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने नई रेल सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल, अवधेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रयागराज में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी उपस्थित रहे।महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पाण्डेय, बीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक आशुतोष पंत सहित रेलवे एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।





