महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने की जनसुनवाई, 15 शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, 14 मेधावी छात्राओं को मिली स्टडी टेबल व शैक्षिक सामग्री
गोंडा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई कर घरेलू हिंसा, आवास, पुलिस, भूमि विवाद, राशनकार्ड और साफ-सफाई से संबंधित 15 शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।इससे पूर्व सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऋतु शाही ने छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कक्षा 6 से 12 तक की 14 मेधावी छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्टडी टेबल, डस्टर और मार्कर वितरित किए गए।ऋतु शाही ने बाल विवाह को बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताते हुए सभी को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई। उन्होंने बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत निर्धारित दंड एवं कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य गिरजा मिश्रा, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चंद्रमोहन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।





