हेड कांस्टेबल के बैंक खातों से साइबर ठगों ने उड़ाए एक लाख रुपये,मुकदमा दर्ज
जरवल रोड संवाददाताबहराइच। साइबर ठगों ने जरवलरोड थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल के दो बैंक खातों को निशाना बनाकर 1 लाख 1 हजार 284 रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर खाते से रकम निकाले जाने का संदेश मिलने पर पीड़ित को साइबर ठगी की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र के गाहासाड़ निवासी रंजीत सिंह पुत्र स्व. रामदास सिंह वर्तमान में जरवलरोड थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनके भारतीय स्टेट बैंक के खाते से 74,300 रुपये तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 26,984 रुपये अज्ञात साइबर अपराधियों ने निकाल लिए।छह नवंबर को उनके दोनों खातों से अनधिकृत तरीके से रकम निकाली गई। उन्होंने न तो किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा किया था और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया था। घटना की जानकारी होने पर संबंधित बैंकों को सूचना देने के साथ साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई।जांच में सामने आए एक बैंक खाते के धारक का नाम तमाल कृष्णा राय निवासी पश्चिम बंगाल बताया गया है। पीड़ित की तहरीर पर जरवलरोड पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीएनएस की धारा 318(4),सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।



