21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, 16 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं, लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें : निर्वाचन आयोग ने बांदा की चारों विधानसभा क्षेत्रों में शुरू किया विशेष अभियान
जिला ब्यूरो सुशील कुमार मिश्रा
बांदा। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार तभी सार्थक है, जब नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने बांदा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत 232-तिंदवारी, 233-बबेरू, 234-नरैनी (अजा) और 235-बांदा विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।आयोग ने 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), मतदान केंद्र अथवा तहसील कार्यालय में जमा किया जा सकता है। अभियान में युवा, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और छूटे हुए मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।वहीं, मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर सहित अतर्रा, पैलानी, नरैनी, बांदा और बबेरू तहसीलों में प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां नागरिक मतदान मशीनों की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे।मतदाता अपना नाम और विवरण निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in तथा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से भी जांच सकते हैं। किसी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया है। जिला संपर्क केंद्र 17 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा।निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक सुधार कराने की अपील की है, ताकि कोई भी नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।


