श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन महा रास, कंस वध एवं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन

बदलता स्वरूपगरीबी पुरवा, गोण्डा। न्यू इंदिरा आवास कॉलोनी, गरीबी पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिवस शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास पूज्य संदीप कृष्ण जी महाराज ने अपने मुखारविंद से महा रास, कंस वध, गोपी-उद्धव संवाद एवं भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान महाराज श्री ने महा रास का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों के दिव्य प्रेम एवं भक्ति की महिमा बताई। वहीं कंस वध के प्रसंग के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।गोपी-उद्धव संवाद के माध्यम से उन्होंने बताया कि भगवान के प्रति सच्चा प्रेम और निष्काम भक्ति ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनाया गया। विवाह प्रसंग के दौरान कथा पंडाल में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों के साथ विवाह उत्सव की खुशियां मनाईं।कथा व्यास की अमृतमयी वाणी का श्रवण करने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान बद्री प्रसाद यादव हैं। उनके सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button