देवरिया में धूमधाम से मना भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव, सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी पर दिया जोर

शैलेन्द्र जायसवाल बोले– उपवर्गीय भेदभाव भुलाकर संगठित हो कलवार समाज, जनगणना में जाति के कॉलम में केवल कलवार लिखें
देवरिया। जायसवाल समाज देवरिया के तत्वावधान में 22 नवंबर 2026 को देवरिया खास स्थित काली मंदिर में भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जी महाराज का जन्मोत्सव एवं वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं अधिवक्ता शैलेन्द्र जायसवाल तथा अति विशिष्ट अतिथि महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं जायसवाल समाज देवरिया के संरक्षक जनसेवक मंटू बाबू जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महासभा की राष्ट्रीय संयोजिका मीनाक्षी जायसवाल शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि शैलेन्द्र जायसवाल ने कहा कि जायसवाल समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जी के वंशज होने पर सभी को गर्व है। उन्होंने कहा कि लगभग 16 करोड़ की आबादी वाला कलवार समाज सैकड़ों उपजातियों और उपवर्गों में बंटा हुआ है। समय की मांग है कि सभी लोग उपवर्गीय भेदभाव और सामाजिक मतभेद भुलाकर एकजुट हों। समाज की एकता से ही राजनीतिक, शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक भागीदारी मजबूत होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में चल रही जनगणना के संदर्भ में समाज के लोगों से जाति के कॉलम में केवल ‘कलवार’ लिखने की अपील की।
महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं समाज के संरक्षक मंटू बाबू जायसवाल ने कहा कि महासभा पूरे देश में समाज को जोड़ने के लिए व्यापक राष्ट्रीय अभियान चला रही है। इसके तहत महासभा के पदाधिकारी विभिन्न प्रदेशों और जनपदों का दौरा कर समाज को संगठित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देवरिया में पिछले लगभग 16 वर्षों से भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए जायसवाल समाज देवरिया के सभी पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
राष्ट्रीय संयोजिका मीनाक्षी जायसवाल ने समाज में महिलाओं और बेटियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित बेटी से परिवार और समाज दोनों शिक्षित होते हैं। उन्होंने नारी शिक्षा एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के पूजन-अर्चन, आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुलदेवता की आरती, उनके जीवन चरित्र पर आधारित प्रस्तुतियां और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ प्रबुद्धजनों को भी सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संतोष जायसवाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता जायसवाल समाज देवरिया के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल ने की तथा संचालन अखिलेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र जायसवाल, जिला महासचिव ऋषिकेश जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, संतोष जायसवाल, तेज प्रकाश जायसवाल, संजय जायसवाल, संजीव जायसवाल, राजकुमार उर्फ गुड्डू जायसवाल, शम्भू जायसवाल, अशोक जायसवाल, कुन्दन जायसवाल, विनोद जायसवाल, ब्रह्मानंद जायसवाल, मुन्ना जायसवाल, राजकुमार उर्फ राजू जायसवाल, राधेश्याम जायसवाल, गीता जायसवाल, सीता जायसवाल, सुमन जायसवाल, सुनीता जायसवाल एवं संगीता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और महिलाएं उपस्थित रहीं।




