मतदाता सूची में कोई पात्र व्यक्ति न छूटे, शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें अधिकारी : डीएम रमेश रंजन

बदलता स्वरूप
गोण्डा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ पुनरीक्षण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए।
उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रतिदिन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करने तथा सुपरवाइजरों को अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रवार अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाने और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करते हुए मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतलाल पटेल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद रजी, समस्त उपजिलाधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button