मूक-बधिर वाहन चालकों को यातायात सुरक्षा का उपहार, 30 लोगों को वितरित किए गए हेलमेट

अंबेडकर चौराहे से गांधी पार्क तक निकली जागरूकता रैली
बदलता स्वरूप
गोण्डा। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत गोण्डा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मंगलवार को अंबेडकर चौराहे पर क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात ने 30 मूक-बधिर वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए। साथ ही उन्हें विशेष प्रतीक चिह्न प्रदान कर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद अंबेडकर चौराहे से गांधी पार्क तक यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। गांधी पार्क में एकत्रित आमजन को मूक-बधिर वाहन चालकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले विशेष प्रतीक चिह्न की जानकारी दी गई, जिससे सड़क पर अन्य वाहन चालक उन्हें पहचान सकें और आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रैली के दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की। गोण्डा पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।





