गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बहराइच में उमड़ा आस्था का सैलाब

बदलता स्वरूप
सौरभ श्रीवास्तव
बहराइच। नगर के पीपल चौराहा स्थित गुरुद्वारा साहिब में सिखों के प्रथम गुरु एवं सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा, उल्लास और प्रेम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्ति और गुरुवाणी से सराबोर रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुघर में माथा टेककर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कीर्तन दरबार में शाहाबाद मारकंडे से आए रागी जत्था भाई गुरजोत सिंह ने शबद कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा याहियागंज से पधारे कथावाचक ज्ञानी गुरमीत सिंह ने गुरु इतिहास एवं उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। वहीं हजूरी रागी फतेह सिंह जी ने मधुर शबद कीर्तन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘सतगुरु नानक प्रगटया, मिटी धुंध जग चानन होया’ जैसे पवित्र शबदों से गुरुद्वारा परिसर गूंज उठा। इस दौरान मनमोहक ढंग से सजाई गई पालकी साहिब आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर लंगर सेवा में सहभागिता निभाई। खास बात यह रही कि विभिन्न धर्मों के लोगों ने जाति, धर्म और ऊंच-नीच का भेदभाव भुलाकर एक साथ बैठकर गुरु का लंगर छका और मानवता एवं भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर मनदीप सिंह वालिया ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का जन्म कार्तिक पूर्णिमा के दिन ननकाना साहिब में हुआ था। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया। गुरु नानक देव जी ने मानवता की सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया और भूखे साधुओं को भोजन कराकर सच्चा सौदा किया। लंगर की परंपरा भी समानता, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करती है। आज भी कहीं आपदा या विपत्ति आती है तो सिख समाज लंगर और सेवा के माध्यम से मानवता की मिसाल पेश करता है। गुरुपर्व में मटेरा, हीरासिंहपुरवा, डीहवा, गौरा, धनौली, पयागपुर, फखरपुर, मिहींपुरवा, बसंतापुर और सिक्खनपुरवा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। कार्यक्रम के अंत में हेड ग्रंथी ज्ञानी विक्रम सिंह जी ने सरबत के भले के लिए अरदास की। इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button