गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारा पहुंचीं मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, मत्था टेककर की अरदास

गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, प्रेम, सेवा और समानता का देती हैं संदेश : मंडलायुक्त

गोण्डा। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने तहसील सदर स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण सिंह में आयोजित गुरु पर्व समारोह में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया तथा अरदास में शामिल होकर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंडलायुक्त ने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती सहित समस्त जनपदवासियों को गुरु नानक जयंती एवं गुरु पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंडलायुक्त ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी महान शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, सेवा, समानता, सत्य और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं हमें जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान का भाव रखने तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का अमर संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी उतना ही प्रासंगिक है। यह संदेश हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी और मेहनत से जीवनयापन करने तथा अपनी कमाई एवं संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की सीख देता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति इन सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाए तो समाज में प्रेम, भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

मंडलायुक्त ने कहा कि सभी धर्मों का मूल उद्देश्य मानवता, सदाचार, सेवा और परोपकार की भावना को बढ़ावा देना है। धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और समाज में एकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी की वाणी एवं शिक्षाओं का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button