बरहज में धूमधाम से मना भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव, सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी पर दिया जोर

शैलेन्द्र जायसवाल बोले– उपवर्ग भेद भुलाकर संगठित हो कलवार समाज, जाति के कॉलम में केवल कलवार लिखें

देवरिया। जायसवाल समाज बरहज बाजार के तत्वावधान में भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जी महाराज का भव्य जन्मोत्सव 21 नवंबर 2026 को जायसवाल समाज धर्मशाला, बरहज बाजार में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र जायसवाल रहे। अति विशिष्ट अतिथि मीनाक्षी जायसवाल एवं बरहज नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी हरेन्द्र जायसवाल, विनोद जायसवाल और रमिता जायसवाल शामिल हुईं।

मुख्य अतिथि शैलेन्द्र जायसवाल ने कहा कि जायसवाल समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और हम सभी को भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन जी का वंशज होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि कलवार समाज की बड़ी आबादी विभिन्न उपजातियों और उपवर्गों में बंटी हुई है। समय की आवश्यकता है कि सभी लोग उपवर्गीय भेदभाव और सामाजिक मतभेद भुलाकर एकजुट हों। समाज जितना संगठित होगा, उसकी राजनीतिक, शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक भागीदारी उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने राष्ट्रीय जनगणना के संदर्भ में समाज के लोगों से जाति के कॉलम में केवल ‘कलवार’ लिखने की अपील की।

नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा को पूरे देश में समाज को जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाना चाहिए। महासभा के पदाधिकारी विभिन्न प्रदेशों और जनपदों का दौरा कर समाज को संगठित करने का प्रयास करें। उन्होंने बरहज में भव्य जन्मोत्सव आयोजित करने के लिए स्थानीय समाज के पदाधिकारियों की सराहना की।

महासभा की राष्ट्रीय संयोजिका मीनाक्षी जायसवाल ने महिलाओं और बेटियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित बेटी से परिवार और समाज दोनों शिक्षित होते हैं। उन्होंने नारी शिक्षा और सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा कुलदेवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के पूजन-अर्चन, आरती एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समाज के बच्चों ने गीत और कविताएं प्रस्तुत कीं। इस दौरान भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के जीवन एवं आदर्शों पर भी प्रकाश डाला गया। समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

समारोह में वर्तमान देवरिया जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष हरेन्द्र जायसवाल, जिला महासचिव ऋषिकेश जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल, विनोद जायसवाल, डॉ. अखिलेश जायसवाल, दिनेश जायसवाल, डॉ. मनोज जायसवाल, राजेंद्र जायसवाल, शोभित जायसवाल, प्रदीप जायसवाल सहित सैकड़ों समाजबंधु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन दीपक जायसवाल ने किया। अंत में सभी के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई।

Related Articles

Back to top button