ट्रामा सेंटर बना लूट का अड्डा! ₹110 की खरीद वाले सिरप का एमआरपी ₹885

अलग-अलग मर्ज में एक जैसी दवाएं लिखने के बाद अब कैल्शियम-मल्टीविटामिन इंजेक्शन की चर्चा, मरीजों की जेब पर पड़ रहा आर्थिक बोझ

जिला ब्यूरो सुशील कुमार मिश्रा

बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों को महंगी दवाएं खरीदने के लिए पर्ची लिखे जाने का मामला चर्चा में है। ताजा मामला एक सिरप का है, जिसकी खरीद कीमत करीब 110 रुपये बताई जा रही है, जबकि मरीजों को 885 रुपये एमआरपी वाला सिरप खरीदने के लिए पर्ची लिखे जाने का आरोप है। दोनों कीमतों में 775 रुपये का अंतर है। खरीद मूल्य के मुकाबले एमआरपी करीब 705 फीसदी अधिक है।

इससे पहले भी ट्रामा सेंटर में अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित मरीजों को एक जैसी दवाएं लिखे जाने की चर्चा रही है। आरोप है कि एक डॉक्टर से जुड़े तीन कथित दलालों के माध्यम से मरीजों को एक ही तरह की दवाएं लिखी जा रही हैं। इनमें एक एंटीबायोटिक, गैस का इंजेक्शन और मल्टीविटामिन शामिल बताए जाते हैं। इन दवाओं की कुल कीमत करीब 700 रुपये बताई गई थी।

अब मरीजों के लिए करीब 900 रुपये कीमत के कैल्शियम-मल्टीविटामिन इंजेक्शन की नई चर्चा शुरू हो गई है। आरोप है कि मरीजों की आवश्यक जांच और चिकित्सकीय जरूरत को लेकर सवालों के बीच उन्हें महंगी दवाएं खरीदने की पर्चियां दी जा रही हैं।

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मरीजों को लिखी जा रही दवाएं वास्तव में उनकी बीमारी के अनुरूप हैं? क्या अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्थान पर बाहर से महंगी दवाएं खरीदने की सलाह दी जा रही है? यदि खरीद मूल्य और एमआरपी में इतना बड़ा अंतर है तो इसकी आपूर्ति और मूल्य निर्धारण की भी जांच होनी चाहिए। जो दवा ऑनलाइन 110 रुपए में उपलब्ध है उसकी एमआरपी 885 में क्यों ट्रामा सेंटर के बाहर बिक रहा है

सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले गरीब मरीज पहले ही आर्थिक परेशानियों से जूझते हैं। ऐसे में महंगी दवाओं की खरीद को लेकर उठ रहे सवालों ने ट्रामा सेंटर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन इन आरोपों की जांच कराता है या मरीजों को इसी तरह आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button