छठ पूजा से पहले यमुना सफाई महाअभियान में उतरे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी

28 से अधिक घाटों पर चला स्वच्छता अभियान, संतोष पाल, बृजेश गुप्ता और वर्षा जायसवाल ने की सहभागिता

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर। छठ पूजा से पहले यमुना नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली के 28 से अधिक घाटों पर रविवार को व्यापक सफाई महाअभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित हाथी घाट और गीता कॉलोनी के दशमेश घाट पर पहुंचकर स्वयं झाड़ू लगाई और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

‘यमुना सफाई यज्ञ—स्वच्छ यमुना मेरा कर्तव्य’ अभियान में 500 से अधिक सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लेकर घाटों से कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट हटाया। अभियान में दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष बृजेश गुप्ता, जिला महामंत्री वर्षा जायसवाल, बृजेश राजपूत, बब्लू भाटी, सरिता राजीव, आलोक, सुनील, संतोष शाह और सावित्री सहित अन्य लोगों ने भी श्रमदान कर यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

यमुना हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक: वर्षा जायसवाल

भाजपा जिला महामंत्री वर्षा जायसवाल ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, जहां भारतवर्ष के विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोग साथ रहते हैं। हमारी विविध संस्कृतियों में देवी-देवताओं की पूजा का विशेष महत्व है और यमुना नदी भी देवी के स्वरूप में पूजनीय है। ऐसे में यमुना को स्वच्छ और निर्मल रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यमुना सफाई अभियान को जनजागरण और प्रेरणा के रूप में आगे बढ़ा रही हैं। हम सभी को उनके इस प्रयास में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में रहने वाले सभी नागरिकों से अपील की कि वे चाहे किसी भी राज्य या क्षेत्र से आकर बसे हों, यमुना की स्वच्छता के लिए आगे आएं और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लोगों से पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा यमुना में नहीं डालने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी की स्वच्छता के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। छठ पूजा से पहले शुरू हुई यह पहल जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button