सनसनी के दौर में पत्रकारिता की जवाबदेही पर होगा मंथन, 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे समारोह का उद्घाटन, न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा रखेंगे मुख्य विचार

नई दिल्ली। खबरों की तेजी और टीआरपी की होड़ के बीच पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर एक अहम विमर्श होने जा रहा है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 16 नवंबर को भारतीय प्रेस परिषद की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समारोह में इस बार पत्रकारिता के सामने खड़ी एक बड़ी चुनौती पर चर्चा होगी। समारोह का केंद्रीय विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ रखा गया है। इसमें मीडिया की बदलती कार्यशैली, खबरों की प्रस्तुति, तथ्यपरकता और जनहित के प्रति पत्रकारों की जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर मंथन होगा।भारतीय प्रेस परिषद की ओर से आयोजित मुख्य समारोह नई दिल्ली के आकाशवाणी स्थित रंगभवन में दोपहर 12 बजे होगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई समारोह की अध्यक्षता करेंगी, जबकि इंडिया टीवी के अध्यक्ष और जाने-माने पत्रकार रजत शर्मा मुख्य संबोधन देंगे।राष्ट्रीय प्रेस दिवस का यह विषय ऐसे समय में चुना गया है, जब समाचार माध्यमों के सामने विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती लगातार गंभीर होती जा रही है। तेजी से खबर देने की प्रतिस्पर्धा में तथ्यों की पुष्टि, संतुलित प्रस्तुति और सामाजिक संवेदनशीलता जैसे बुनियादी पत्रकारिता मूल्यों को बनाए रखना जरूरी हो गया है। ऐसे में यह विमर्श इस सवाल को केंद्र में रखेगा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल दर्शकों और पाठकों का ध्यान आकर्षित करना है या फिर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना भी है।भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना 1966 में संसद के अधिनियम के तहत हुई थी। वर्ष 1979 में इसका पुनर्गठन किया गया। यह प्रिंट मीडिया के लिए अर्ध-न्यायिक और स्वनियामक संस्था है, जिसका प्रमुख उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने के साथ समाचार पत्रों और समाचार एजेंसियों के मानकों को बनाए रखना तथा उनमें सुधार करना है। परिषद स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए सलाहकार एवं न्यायिक निर्णय देने वाली संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।परिषद के स्थापना दिवस 16 नवंबर को ही प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर नई दिल्ली के मुख्य समारोह में देशभर के वरिष्ठ पत्रकारों, सरकारी अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों और पत्रकारिता के विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं तथा पत्रकार संगठनों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।राष्ट्रीय प्रेस दिवस का यह आयोजन पत्रकारिता जगत के लिए आत्ममंथन का अवसर भी है। इसका संदेश स्पष्ट है कि प्रेस की स्वतंत्रता जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित के प्रति जवाबदेही भी है।

Related Articles

Back to top button