गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित तुलीप चौक क्षेत्र सरकारी तंत्र की उपेक्षा का शिकार

गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित तुलीप चौक और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव, अवैध अतिक्रमण, लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें तथा अधूरे एवं लंबित ड्रेनेज कार्यों ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है।
हैरानी की बात यह है कि इन गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री हरियाणा तक शिकायत पहुंचाने के बावजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है और न ही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई दिखाई दे रही है।
आखिर आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर किसके पास जाए? क्या नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ेंगे?
यह भी जानकारी सामने आई है कि संबंधित वेंडर और अधिकारियों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया है। वेंडर का कहना है कि खुदाई के दौरान निकली मिट्टी के ढेर को हटाना, उसकी लेवलिंग करना तथा उसका डिस्पोजल करना उसके कार्यक्षेत्र (Scope of Work) में शामिल नहीं है, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यह कार्य वेंडर की जिम्मेदारी के अंतर्गत आता है।
इस आपसी विवाद के कारण ड्रेनेज का काम अधर में लटका हुआ है और इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। सवाल यह है कि विभाग और वेंडर के बीच जिम्मेदारी तय करने में जनता को कब तक परेशानी झेलनी पड़ेगी?
स्थानीय निवासी इं आर के जायसवाल जानकारी देते हुए कहा कि इसको लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन की इस उदासीनता को लेकर भारी रोष व्याप्त है। यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में तुलीप चौक पर स्थानीय निवासियों द्वारा बड़े स्तर पर जनआंदोलन किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब केवल आश्वासन नहीं, धरातल पर ठोस कार्रवाई चाहिए। जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, कोई एहसान नहीं।




