मैलानी में 11 महिला रेलकर्मियों को डीआरएम गौरव अग्रवाल ने उपहार देकर किया सम्मानित, रेलखंड का किया निरीक्षण

महिला कर्मचारियों के कल्याण और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता, स्काउट्स-गाइड्स के नवीनीकृत प्रशिक्षण केंद्र का भी हुआ उद्घाटन
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ जंक्शन-मैलानी जंक्शन रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान मैलानी रेलवे स्टेशन पर 11 महिला रेल कर्मचारियों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके कार्य अनुभव, सुविधाओं और कल्याण से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
डीआरएम ने कहा कि रेल परिचालन एवं यात्री सेवाओं में महिला कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रेल प्रशासन उनके लिए सुरक्षित, सकारात्मक और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सिधौली, गोला गोकर्णनाथ और मैलानी स्टेशनों पर स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, सिग्नलिंग व्यवस्था, स्टेशन यार्ड, स्वच्छता, पेयजल, खानपान स्टॉल, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। सिधौली में पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया एवं यात्री विश्रामालय, जबकि गोला गोकर्णनाथ में प्रतीक्षालय, खानपान स्टॉल और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। मैलानी जंक्शन पर बुकिंग कार्यालय, एकीकृत क्रू लॉबी, गार्ड रनिंग रूम, फुट ओवरब्रिज, वाशिंग पिट, सीक लाइन, वीआईपी लाउंज तथा महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालयों की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं में सुधार और स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत डीआरएम गौरव अग्रवाल ने पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला प्रशिक्षण केंद्र, मैलानी के नवीनीकृत भवन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। स्काउट रिया एवं उत्तम ने फीता काटकर तथा उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग बच्चों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। नवीनीकृत प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और नए कौशल सीखने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय अश्विनी कुमार तिवारी, मंडल दूर एवं संचार इंजीनियर मो. आमिर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





