इंटीग्रल विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान सम्मेलन, 8 देशों के 218 शोधपत्रों का चयन

विधि, चिकित्सा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विशेषज्ञों ने न्याय व्यवस्था में फॉरेंसिक विज्ञान की भूमिका पर किया मंथन
लखनऊ। इंटीग्रल विश्वविद्यालय, लखनऊ में मिस्र के मेनूफिया विश्वविद्यालय के सहयोग से 19 एवं 20 नवंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान सम्मेलन आयोजित किया गया। ‘न्याय को आगे बढ़ाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान : विधि, चिकित्सा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का समन्वय’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, विधि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।सम्मेलन के लिए विश्वभर से 398 शोध सार प्राप्त हुए, जिनमें से 218 का चयन किया गया। इनमें 204 भारत तथा 14 आठ अन्य देशों के शोधकर्ताओं के थे। मिस्र, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, सीरिया और ब्रिटेन सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह में विधि संकाय के डीन एवं सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. डॉ. नसीम अहमद ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विधि समाज का दर्पण है और समय के साथ इसमें निरंतर बदलाव होता रहता है। मेनूफिया विश्वविद्यालय की सम्मेलन संयोजक डॉ. ईमान अबोएलखैर ने ऑनलाइन संबोधन में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।मिस्र दूतावास की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंध ब्यूरो प्रमुख डॉ. आयात साद अहमद इस्माइल और मेनूफिया विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय सहयोग कार्यालय के निदेशक डॉ. हुसाम ने भारत-मिस्र के शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। दिल्ली पुलिस के विधिक सलाहकार एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. ताबिश सरोश ने वास्तविक आपराधिक मामलों में फॉरेंसिक साक्ष्यों के महत्व, साक्ष्यों की सुरक्षित अभिरक्षा और उनकी न्यायालय में स्वीकार्यता पर विस्तार से जानकारी दी।मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक प्रो. डॉ. आदर्श कुमार ने कहा कि फॉरेंसिक जांच केवल एक रिपोर्ट तैयार करना नहीं, बल्कि अदालत के सामने सच्चाई उजागर करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 12 फॉरेंसिक प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं और भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने की संभावनाएं हैं।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. फ़ुरक़ान क़मर ने विधि संकाय को बधाई देते हुए विधिक शिक्षा में फॉरेंसिक विज्ञान को शामिल करने की पहल को महत्वपूर्ण बताया। वहीं ऑनलाइन मुख्य वक्तव्य में ब्रिटेन के फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञ प्रो. रॉबर्ट ग्रीन ओबीई ने अपने 40 वर्षों से अधिक के अनुभव साझा किए और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में हुए बदलावों पर प्रकाश डाला।विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति डॉ. सैयद नदीम अख्तर ने कहा कि न्याय होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका निष्पक्ष और उचित होना भी आवश्यक है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में निष्पक्षता की अहम भूमिका बताई।उद्घाटन सत्र में पुरस्कारों की घोषणा के साथ अतिथियों एवं सहयोगियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इसके बाद आयोजित तकनीकी सत्रों में शोधकर्ताओं ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए और फॉरेंसिक विज्ञान की नवीन तकनीकों तथा न्याय व्यवस्था में उनके उपयोग पर विचार-विमर्श किया।सम्मेलन संयोजक डॉ. गौरव गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। दो दिवसीय सम्मेलन ने विधि, चिकित्सा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग और शोध को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।





