मटौंध और गिरवां थाने के आगे एमपी मार्ग पर तहबाजारी वसूली पर सवाल, ठेकेदार के होर्डिंग और चालकों के आरोपों से गरमाया मामला

जिला ब्यूरो सुशील कुमार मिश्रा
बांदा। बांदा में जिला पंचायत के नाम पर हो रही तहबाजारी वसूली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि मटौंध थाने के आगे मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले रास्ते पर खनिज परिवहन शुल्क के नाम पर वसूली की जा रही है, जबकि वहां कोई खनन क्षेत्र मौजूद नहीं है। मौके पर लगे ठेकेदार के होर्डिंग, शासनादेश के हवाले और ट्रक चालकों के आरोपों ने जिला पंचायत, खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मटौंध और गिरवां थाने के आगे मध्य प्रदेश की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगी यह होर्डिंग कई सवालों को जन्म दे रही है। होर्डिंग पर ‘जिला पंचायत बांदा — ठेकेदार’ दर्ज है, जिसमें कबरई, जिला महोबा के आजाद नगर निवासी सौरभ पाण्डेय का नाम दर्ज है। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खनन परिवहन शुल्क वसूली का उल्लेख किया गया है और 28 फरवरी 2026 के सरकारी गजट के अनुसार संशोधित दरों का हवाला दिया गया है — जिसमें पशु चालित गाड़ी और मानव चालित नाव जैसी मदें लिखी दिख रही हैं।
स्थानीय सूत्रों और इस मार्ग से गुजरने वाले ट्रक चालकों का आरोप है कि जब इस इलाके में कोई खनन क्षेत्र ही नहीं है, तो फिर मटौंध थाने के आगे एमपी जाने वाले रास्ते पर किस अधिकार और किस नियम के तहत वसूली की जा रही है। चालकों का कहना है कि रास्ते में रोके जाने और शुल्क मांगे जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है और वसूली की पारदर्शिता को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता।
नियमों के जानकारों और सूत्रों के मुताबिक, जिला पंचायत की वसूली को लेकर शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं कि मार्गों पर अवरोध या मनमानी वसूली नहीं होनी चाहिए। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह वसूली वास्तव में अनुबंध और शासनादेश के दायरे में हो रही है, या फिर नियमों की अनदेखी कर मार्ग पर वसूली का खेल चल रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जिला प्रशासन, जिला पंचायत, खनन विभाग और पुलिस-प्रशासन के संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले की कब और कितनी निष्पक्ष जांच करेंगे। क्या बिना खनन क्षेत्र वाले इस मार्ग पर हो रही वसूली के ठेके, स्थान और दरों की हकीकत सामने आएगी, या फिर ट्रक चालकों के आरोपों पर चुप्पी ही बनी रहेगी।


