पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को लेकर जागरूकता अभियान

बदलता स्वरूप लखनऊ। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुपालन को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ईएनएचएम महेंद्र सिंह के निर्देशन में गोरखपुर जंक्शन, गोण्डा जंक्शन, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, बस्ती, खलीलाबाद, सीतापुर और मैलानी जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों तथा अन्य रेलवे इकाइयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों, ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सेवा कर्मियों, पेंट्री स्टाफ, वेंडरों और ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग रखने, जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने, थोक अपशिष्ट उत्पादकों की पहचान करने तथा अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधाओं का सत्यापन करने के साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्ययोजना को अद्यतन किया गया। स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों, स्वच्छता कर्मियों और खानपान विक्रेताओं ने जागरूकता रैलियां निकालकर यात्रियों को कचरा निर्धारित चार प्रकार के कूड़ेदानों में अलग-अलग डालने और कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने की जानकारी दी। पोस्टर और सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री के माध्यम से स्वच्छता से जुड़े जरूरी संदेश भी प्रसारित किए गए। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। इसके लिए स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।




