संविधान दिवस पर जिले में कई स्थानों पर अंबेडकर प्रतिमाओं का पूजन-अनावरण

बदलता स्वरूपगोंडा। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. बी.आर. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित महापुरुषों की प्रतिमाओं के पूजन एवं अनावरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और संविधान के मूल्यों का संदेश दिया गया।योजना के तहत जनपद गोंडा में 60वें डेस्टिनेशन पर प्रतिमा स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने नवाबगंज के मोहल्ला कहारान स्थित डॉ. अंबेडकर प्रतिमा, गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने बभनजोत के असनहरा, घारीघाट तथा तरबगंज के किन्धौरा में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की। वहीं कटरा बाजार विधायक बावन सिंह ने डॉ. अंबेडकर, भगवान गौतम बुद्ध एवं संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमाओं से संबंधित कार्यक्रम में भाग लिया। मेहनौन विधायक के प्रतिनिधि तथा गोंडा सदर विधायक के प्रतिनिधि आशीष सिंह ने भी संबंधित स्थलों पर कार्यक्रम संपन्न कराए। सदर विधायक के प्रतिनिधि ने मोहल्ला इमामबाड़ा स्थित डॉ. अंबेडकर प्रतिमा का पूजन एवं अनावरण किया। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को संविधान के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button