बनारस कोचिंग डिपो में रेल दुर्घटना का फुल स्केल मॉकड्रिल, रेलवे और एनडीआरएफ ने परखी राहत-बचाव की तैयारी

डाउन एमबीडी स्पेशल ट्रेन के पांचवें कोच के पटरी से उतरने का बनाया गया कृत्रिम परिदृश्य, पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना पर तत्काल चलाया गया बचाव अभियान
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता परखने के लिए शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो यार्ड में रेलवे के संरक्षा विभाग और एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से फुल स्केल मॉकड्रिल का आयोजन किया। सुबह 11:20 बजे शुरू हुए इस अभ्यास में रेल दुर्घटना के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।मॉकड्रिल के तहत नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गई कि डाउन एमबीडी स्पेशल ट्रेन संख्या 00315 का पांचवां कोच संख्या 023426 बनारस यार्ड की लाइन नंबर 24 पर पटरी से उतर गया है। इस काल्पनिक दुर्घटना में पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत यान (एआरटी) और चिकित्सा राहत यान (एआरएमई) को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।मौके पर रेलवे के अधिकारियों, एनडीआरएफ, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस, स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों तथा चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन खिड़कियां खोलने, कटर एवं वेल्डिंग मशीन से क्षतिग्रस्त कोच में फंसे यात्रियों को निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्थायी नियंत्रण केंद्र स्थापित करने का अभ्यास किया गया।इसके साथ ही दुर्घटनास्थल पर ट्रैक क्लीयरेंस, कोच को दोबारा पटरी पर लाने तथा रेल परिचालन सामान्य करने की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।मॉकड्रिल के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एनडीआरएफ की ओर से डिप्टी कमांडेंट रवि सिंह और निरीक्षक यादव कृष्णा ने टीम का नेतृत्व किया।समापन एवं समीक्षा बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रेलवे और एनडीआरएफ के संयुक्त प्रयास से राहत, बचाव और पुनर्बहाली का अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस तरह के अभ्यास से वास्तविक दुर्घटना के समय त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।






