बनारस स्टेशन पर शुरू हुआ आधुनिक गेमिंग जोन, बच्चों के मनोरंजन के साथ यात्रियों को मिलेंगी खानपान की सुविधाएं

ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान बच्चे उठा सकेंगे झूले और गेमिंग का आनंद, एक ही परिसर में मिलेगी मनोरंजन व खानपान की सुविधा
वाराणसी, 25 नवंबर। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और बच्चों के मनोरंजन के उद्देश्य से बनारस स्टेशन पर आधुनिक गेमिंग जोन का शुभारंभ किया गया। बुधवार को प्लेटफॉर्म संख्या-8 के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थापित गेमिंग जोन कम पैसेंजर एंटरटेनमेंट सेंटर का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों के साथ गेमिंग जोन का निरीक्षण कर उपलब्ध मनोरंजन एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। यहां 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए एयरोप्लेन झूला, ट्रेन राइड, मिकी माउस और ट्रैम्पोलिन जंपिंग जैसी आकर्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान बच्चे स्टेशन परिसर में ही मनोरंजन का आनंद उठा सकेंगे।
गेमिंग जोन में यात्रियों के लिए भी खानपान की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां चाय, कॉफी, ढोकला, ब्रेड-मक्खन, रेलनीर, अनुमोदित बोतलबंद पेयजल, कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, छाछ, चिप्स, नमकीन, बिस्किट और आइसक्रीम जैसी सामग्री उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.जे. चौधुरी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की इस पहल से बनारस स्टेशन आने वाले यात्रियों, विशेषकर बच्चों और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर मनोरंजन एवं खानपान की सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे का उद्देश्य आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुखद और यादगार बनाना है।





